त्रिपुरा में लोकतंत्र बहाल करने के लिए कल रैली करेंगी माकपा, कांग्रेस
अगरतला, शुक्रवार, 20 जनवरी 2023। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर त्रिपुरा में संविधान को बचाने तथा लोकतंत्र बहाल करने की कवायद के तौर पर शनिवार को अगरतला में एक रैली करेंगी। माकपा के प्रदेश सचिव जितेंद्र चौधरी और कांग्रेस विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने बृहस्पतिवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रैली में शामिल होने वाले लोग किसी राजनीतिक दल का झंडा लेकर नहीं चलेंगे।
रॉय बर्मन ने कहा, त्रिपुरा में संविधान बचाने और लोकतंत्र की रक्षा करने के इच्छुक लोग रबींद्र भवन के सामने इस विशाल रैली में हिस्सा लेंगे और किसी राजनीतिक दल का झंडा लेकर नहीं चलेंगे। वे राष्ट्रीय ध्वज थामे नजर आएंगे। वहीं, चौधरी ने राज्य में बढ़ती चुनाव पूर्व हिंसा पर चिंता जताई और दावा किया कि पूर्वोत्तर राज्य में 2018 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद लोग वोट नहीं दे पाए।
टिपरा मोथा के लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ हाथ मिलाने के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा कि इस क्षेत्रीय दल के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने भाजपा को हराने के लिए माकपा-कांग्रेस गठबंधन का समर्थन किया है। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि माकपा और कांग्रेस नेताओं ने दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर अपनी पहली बैठक की, लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया। दोनों दलों ने विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की थी। त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 16 फरवरी को होगा, जबकि वोटों की गिनती दो मार्च को की जाएगी।
Similar Post
-
मप्र : एक ही व्यक्ति के फोटो का दुरुपयोग कर 84 सिम कार्ड जारी, एजेंट गिरफ्तार
देवास/इंदौर, सोमवार, 30 मार्च 2026। मध्यप्रदेश के देवास में पुल ...
-
कृषि भूमि के तेजी से गैर कृषि भूमि में परिवर्तित किए जाने पर रास में जताई गई चिंता
नई दिल्ली, सोमवार, 30 मार्च 2026। देश में कृषि क्षेत्र की भूमि के ...
-
व्यक्तिगत डेटा गोपनीय रहेगा, किसी योजना का लाभ लेने के लिए इस्तेमाल नहीं होगा: जनगणना आयुक्त
नई दिल्ली, सोमवार, 30 मार्च 2026। भारत के महापंजीयक और जनगणना आय ...
