ओडिशा में कांस्टेबल छह लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार
फूलबनी (ओडिशा), गुरुवार, 02 नवम्बर 2023। ओडिशा के बौध जिले में सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने एक पुलिस कांस्टेबल को छह लाख रुपये रिश्वत के तौर पर लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कांस्टेबल हरीश चंद्र साहू को गांजा तस्कर, किसानों और व्यापारियों से रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। फूलबनी के सतर्कता विभाग के पुलिस उपाधीक्षक हेमंत मोहंती ने बताया कि पकड़े जाने से पहले से ही साहू विभाग की जांच के घेरे में था।
ओडिशा सतर्कता विभाग की टीम ने बुधवार दोपहर उसे बौध टाउन पुलिस थाने के तहत बघियापाड़ा चौकी के पास रोक लिया। इस दौरान साहू के पास से छह लाख रुपये बरामद किए गए, जिसके बारे में वह संतोषजनक हिसाब नहीं दे सका अधिकारी ने बताया कि पूरी नकदी जब्त कर ली गई है। इसके बाद, बौध जिले के बालासिंगा में साहू के सरकारी आवास, पैतृक गांव में उनके घर और गंजम जिले के पंचभूति में एक रिश्तेदार के घर पर एक साथ तलाशी ली गई। भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम- 2018 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मोहंती ने बताया कि साहू को भांग की खेती को नष्ट करने के अभियान के दौरान कथित तौर पर गांजा उगाने वालों के प्रति नरम रुख रखने और खेती को नुकसान नहीं पहुंचाने के लिए बघियापाड़ा के गांजा उत्पादकों से रिश्वत मिली थी।
Similar Post
-
पासपोर्ट, आधार को नागरिकता का प्रमाण बनाने के लिए कानूनी ढांचे में संशोधन हो: थरूर
नई दिल्ली, शुक्रवार, 26 जून 2026। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थर ...
-
एसआईआर के एक साल पूरे, अब तक करीब छह करोड़ नाम हटाये गए
नई दिल्ली, शुक्रवार, 26 जून 2026। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पु ...
-
बीएमसी ने बांद्रा के फुटबॉल मैदान को कन्वेंशन सेंटर में बदल दिया: आदित्य ठाकरे
मुंबई, शुक्रवार, 26 जून 2026। शिवसेना- उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उब ...
