ईवीएम में छेड़छाड़ के लिए 2.5 करोड़ रुपये मांगने के आरोप में सेना का जवान गिरफ्तार
छत्रपति संभाजीनगर, बुधवार, 08 मई 2024। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर में पुलिस ने ईवीएम में छेड़छाड़ करने के लिए शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे से 2.5 करोड़ रुपये मांगने के आरोप में सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता दानवे ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी कि आरोपी मारुती धाकने (42) ने एक चिप के जरिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में छेड़छाड़ करने का दावा करके उनसे कथित तौर पर पैसे मांगे।
आरोपी ने दावा किया कि इस चिप से किसी खास उम्मीदवार को अधिक वोट पाने में मदद मिल सकती है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपना कर्ज चुकाने के लिए यह दावा किया। वह ईवीएम के बारे में कुछ नहीं जानता है। पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे आरोपी ने यहां एक बस स्टैंड के समीप एक होटल में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता अंबादास के छोटे भाई राजेंद्र दानवे से मुलाकात की। अधिकारी ने बताया कि बातचीत के बाद 1.5 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। अंबादास दानवे द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पुलिस के एक दल को भेजा गया और आरोपी को राजेंद्र दानवे से एक लाख रुपये लेते वक्त रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पुलिस आयुक्त मनोज लोहिया ने पत्रकारों को बताया, ‘‘आरोपी पर काफी कर्ज है। उसने अपना कर्ज उतारने के लिए यह चाल चली। वह मशीन (ईवीएम) के बारे में कुछ नहीं जानता। हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है और यहां क्रांति चौक पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।’’ एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 511 (अपराध करने की कोशिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में पाथर्डी का रहने वाला है और वह जम्मू कश्मीर के उधमपुर में तैनात था।
Similar Post
-
दिल्ली : अवैध पटाखे बेचने के आरोप में एक व्यक्ति पकड़ा गया, 8.5 किलो पटाखे जब्त
नई दिल्ली, शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026। दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर् ...
-
दिल्ली में दुकान में लगी आग, 16 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
नई दिल्ली, शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली क ...
-
सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े रंगदारी मामले में नोरा फतेही दिल्ली की अदालत में पेश हुईं
नई दिल्ली, शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026। अभिनेत्री नोरा फतेही कथित ...
