उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर में हुए दो आतंकवादी हमलों की निंदा की
श्रीनगर, रविवार, 19 मई 2024। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के नेता उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिलों में हुए दो आतंकवादी हमलों की रविवार को निंदा की। इन हमलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई जबकि राजस्थान के एक पर्यटक दंपती घायल हो गए। अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में जयपुर के पर्यटक फराह और तबरेज घायल हो गए और शोपियां जिले में पूर्व सरपंच और भाजपा कार्यकर्ता ऐजाज अहमद शेख की आतंकवादियों ने हत्या कर दी।
उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई पोस्ट में कहा, ”दक्षिण कश्मीर में पर्यटकों और भाजपा के एक कार्यकर्ता पर हुए आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। मैं इन घातक हमलों की कड़ी निंदा करता हूं। ऐजाज अहमद के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दें। मैं राजस्थान के जयपुर के रहने वाले तबरेज और फराह के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” ये आतंकवादी हमले ऐसे समय में हुए हैं जब अनंतनाग-राजौरी सीट पर लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जारी है। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में बारामूला सीट पर सोमवार को मतदान होगा। अनंतनाग सीट पर सात मई को मतदान होना था, लेकिन जम्मू-कश्मीर में कुछ राजनीतिक दलों द्वारा मौसम की स्थिति पर चिंता जताए जाने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया। अब इस सीट पर 25 मई को मतदान होगा।
Similar Post
-
चमोली सुरंग हादसे में सात लोगों की मौत, तीन लापता लोगों की तलाश जारी
गोपेश्वर (उत्तराखंड), शुक्रवार, 14 अगस्त 2026। उत्तराखंड के चमो ...
-
मुख्यमंत्री उमर ने जम्मू कश्मीर के नदी जल पर दावे को लेकर पाकिस्तान को आड़े हाथ लिया
श्रीनगर, शुक्रवार, 14 अगस्त 2026। जम्मू कश्मीर के नदी जल पर दावा ...
-
कोयले की मांग 2030 तक 1.6 अरब टन तक पहुंचने का अनुमान : सचिव
मुंबई, शुक्रवार, 14 अगस्त 2026। केंद्रीय कोयला सचिव विक्रम देव ...
