केरल : जीएसटी विभाग ने त्रिशूर में अभियान के दौरान 120 किलोग्राम सोना जब्त किया
त्रिशूर (केरल), गुरुवार, 24 अक्टूबर 2024। सोने के व्यापार के लिए मशहूर त्रिशूर में केरल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के अधिकारियों ने सोने के आभूषण की निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर 120 किलोग्राम सोना जब्त किया जिसके बारे में कोई हिसाब नहीं था। इस अभियान को ‘टोरे डेल ओरो’ नाम दिया गया है जिसे राज्य में अपनी तरह का सबसे बड़ा अभियान माना जाता है। बुधवार शाम शुरू हुआ यह अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा और इस दौरान 700 से अधिक अधिकारियों ने पूरे मध्य केरल जिले में विनिर्माण इकाइयों और जौहरियों के घरों सहित लगभग 78 स्थानों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने सोने को जब्त करने के अलावा बिलिंग और कराधान प्रक्रियाओं में महत्वपूर्ण अनियमितताएं पाईं। जीएसटी के विशेष आयुक्त अब्राहम रेन एस के नेतृत्व में यह व्यापक छापेमारी की गई। सूत्रों ने बताया कि छापेमारी की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर के अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम के बहाने त्रिशूर बुलाया गया और ‘‘स्टडी टूर’’ लिखे बैनरों के साथ बसों में विभिन्न स्थानों पर ले जाया गया। राज्य जीएसटी इंटेलिजेंस कमिश्नर दिनेश कुमार ने बताया कि अभियान ‘टोरे डेल ओरो’ जारी रहेगा।
Similar Post
-
दिल्ली में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान, ऑरेंज अलर्ट जारी
नई दिल्ली, मंगलवार, 31 मार्च 2026। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस् ...
-
तेलंगाना में खाद्य मिलावट रोकने के लिए अलग एजेंसी बनेगी: मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मंगलवार, 31 मार्च 2026। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेव ...
-
आंध्र प्रदेश में एक और बस में आग लगी, कोई हताहत नहीं
विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), मंगलवार, 31 मार्च 2026। आंध्र प्रदेश म ...
