तमिलनाडु: कैदियों के जेल से फरार होने की कोशिशों को रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की मंजूरी

img

चेन्नई, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के थेनी जिले में कैदियों के जेल से फरार होने की बड़ी घटना के बाद राज्य के जेल विभाग ने अपने कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर कैदियों को भागने से रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (जेल) संदीप राय राठौर ने निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत जेल के सुरक्षाकर्मी कैदियों के फरार होने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थिति के अनुसार बंदूकों का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह कदम सोमवार देर रात थेनी जिले की जेल से 17 कैदियों के फरार होने के बाद उठाया गया है।

सूत्रों ने बताया कि थेनी की घटना के बाद राज्य की 125 जेल में निगरानी के लिए बने ‘वॉचटावर’ पर हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, कैदियों के भागने की कोशिश करने पर हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति देने का स्पष्ट फैसला किया गया है। थेक्कम्पट्टी की जिला जेल से विचाराधीन कैदी चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति का बहाना बनाकर और जेल के सुरक्षाकर्मियों पर हमला करके फरार हो गए थे। इस घटना के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। फरार हुए 17 कैदियों में से अब तक 13 को फिर से पकड़ लिया गया है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement