ठाणे और पालघर जिले में भारी बारिश, कई इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित
ठाणे/पालघर, सोमवार, 18 अगस्त 2025। महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर जिलों में सोमवार तड़के से हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। क्षेत्र के मुख्य मार्ग घोड़बंदर रोड पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात बाधित हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर बढ़ने से भायंदर के चेना पुल पर भी यातायात प्रभावित हुआ, जबकि नवी मुंबई के सेक्टर 28 में ब्लू डायमंड स्क्वायर पर दोपहर के समय एक व्यक्ति नाले में गिर गया और बह गया।
नवी मुंबई नगर निगम आपदा नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि नाला में तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण स्थानीय अग्निशमन विभाग और पुलिसकर्मियों द्वारा प्रयास करने के बावजूद व्यक्ति का पता नहीं चल पाया। ठाणे नगर निगम आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने कहा, ‘‘कई इलाकों में बाढ़ आई है, लेकिन अभी तक किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली है।’’ आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम ने बताया कि पालघर में भी सुबह से भारी बारिश हो रही है, लेकिन किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। पुलिस उपायुक्त (यातायात) पंकज शिरसाट ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण वरसोवा के कर्पे कंपाउंड और कुछ अन्य स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे यातायात बाधित हुआ।
उन्होंने बताया कि वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के लिए सिंगल लाइन यातायात पर नजर रखी जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ठाणे जिले के संबंध में सोमवार और मंगलवार के लिये ‘रेड अलर्ट’ तथा पालघर के संबंध में मंगलवार के लिये ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दोनों जिलों के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नगर निकाय और आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने कहा कि सभी कर्मचारी हाई अलर्ट पर हैं, संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर रहे हैं और बचाव कार्यों का समन्वय कर रहे हैं।
Similar Post
-
फडणवीस से वार्ता के निमंत्रण के बाद राकांपा ने कृषि ऋण माफी को लेकर आंदोलन स्थगित किया
छत्रपति संभाजीनगर, सोमवार, 29 जून 2026। राष्ट्रवादी कांग्रेस प ...
-
महाराष्ट्र टीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में सीबीआई जांच की मांग, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी
मुंबई, सोमवार, 29 जून 2026। महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्षी ...
-
पुरी में देव स्नान पूर्णिमा का भव्य आयोजन
- 108 घड़ों के जल से हुए भगवान जगन्नाथ के दर्शन, लाखों भक्त हुए भाव ...
