चक्रवात ‘शक्ति’ गुजरात तट के पास अरब सागर में आगे बढ़ रहा
नई दिल्ली, शनिवार, 04 अक्टूबर 2025। अरब सागर में मानसून के बाद के मौसम का पहला चक्रवाती तूफान ‘शक्ति’ समुद्र में हलचल मचा रहा है। इसकी गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा है जिसके चलते तेज हवाएं चल रही हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात ‘शक्ति’ अब एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है, अरब सागर में यह और आगे बढ़ रहा है तथा गुजरात में द्वारका से लगभग 420 किलोमीटर दूर केंद्रित है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि इसके पश्चिम-दक्षिणपश्चिम की ओर बढ़ने तथा रविवार तक उत्तरपश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम-मध्य अरब सागर तक पहुंचने की संभावना है। साथ ही, यह भी कहा कि शक्ति सोमवार सुबह से पूर्व-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ेगा तथा धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा। चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण, रविवार तक गुजरात-उत्तर महाराष्ट्र तट और पाकिस्तान तट पर समुद्र की स्थिति बहुत खराब रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को मंगलवार तक उत्तर-पश्चिम अरब सागर, उत्तर-पूर्व अरब सागर के आसपास के क्षेत्रों, मध्य अरब सागर तथा गुजरात-उत्तर महाराष्ट्र के तटों पर ना जाने की चेतावनी दी है। हाल के वर्षों में, अरब सागर में ‘तौकते’ (2021) और ‘बिपरजॉय’ (2023) जैसे तूफान आए। लेकिन अरब सागर में बंगाल की खाड़ी की तुलना में कम चक्रवात देखे गए हैं। चक्रवात का नाम शक्ति रखा गया है, जो उष्णकटिबंधीय चक्रवातों पर डब्ल्यूएमओ/ईएससीएपी पैनल द्वारा अपनाई गई परंपरा के अनुसार श्रीलंका द्वारा सुझाया गया नाम है। चक्रवातों के नाम बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के आसपास के 13 देशों द्वारा सुझाए गए हैं।
Similar Post
-
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर स्लीपर बस पलटी, 33 लोग घायल
रामबन/जम्मू, गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय ...
-
यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ बाजार में भारत से कार के निर्यात में अच्छी वृद्धि: गोयल
नई दिल्ली, गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026। भारत और यूरोपीय मुक्त व्या ...
-
दिल्ली भर में सफाई अभियान चलाया गया, कमला नेहरू रिज में अभियान में शामिल हुई मुख्यमंत्री
नई दिल्ली, गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा ...
