दिल्ली धमाके के मद्देनजर पूरे ओडिशा में सुरक्षा कड़ी की गई
भुवनेश्वर, मंगलवार, 11 नवंबर 2025। दिल्ली में सोमवार को हुए बम धमाके के मद्देनजर ओडिशा पुलिस ने पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) संजय कुमार ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के मद्देनजर हमने अपने राज्य पुलिस को सतर्क कर दिया है। सभी पुलिसकर्मियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ओडिशा में स्थिति चिंताजनक नहीं है, लेकिन हम किसी भी खतरे को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं... हमारा उद्देश्य राज्य में किसी भी प्रकार की आतंकवादी या राष्ट्र-विरोधी गतिविधि को रोकना है। अगर कोई आतंकवादी राज्य में घुसने की कोशिश करता है, तो हम उसे नाकाम कर देंगे।’’ कुमार ने कहा कि राज्य की खुफिया शाखा भी विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।
राज्य के कटक में इस समय ‘बाली यात्रा’ चल रही है जिसमें हर शाम लोग एकत्र होते हैं।। कुमार से जब इस संबंध में पुलिस व्यवस्था के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैदान के संवेदनशील स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) ने बताया कि तटीय और हवाई अड्डों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जबकि पुरी में जगन्नाथ मंदिर और कटक में बाली यात्रा पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ओडिशा तट पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि पुरी मंदिर में अतिरिक्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इस बीच, ओडिशा होटल और रेस्तरां एसोसिएशन ने भी अपने सभी सदस्यों को सतर्क कर दिया है और उन्हें संदिग्ध तत्वों पर कड़ी नजर रखने और पुलिस को सूचित करने का निर्देश दिया है।
Similar Post
-
उप्र विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा
लखनऊ, मंगलवार, 30 जून 2026। उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी ...
-
कर्नाटक: सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मामूली आग लगी, कोई हताहत नहीं
दावणगेरे (कर्नाटक), मंगलवार, 30 जून 2026। दावणगेरे के चिगतेरी जि ...
-
त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तक के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर: नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, मंगलवार, 30 जून 2026। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष न ...
