पंजाब: आप नेता के घर पर गोलीबारी, कोई हताहत नहीं
फगवाड़ा (पंजाब), गुरुवार, 27 नवंबर 2025। पंजाब में फगवाड़ा-जंदियाला रोड पर दरवेश पिंड गांव के निकट बुधवार देर रात सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता के घर पर मोटरसाइकिल पर आए दो लोगों ने गोलीबारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। ‘आप’ के ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ अभियान के फगवाड़ा के संयोजक दलजीत सिंह राजू ने बताया कि गोलीबारी रात करीब 1:13 बजे हुई, जिसमें घर की खिड़कियों और दरवाजों को नुकसान पहुंचा। राजू को होशियारपुर के सांसद राजकुमार छब्बेवाल का करीबी माना जाता है।
फगवाड़ा उपमंडल की पुलिस अधीक्षक (एसपी) माधवी शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि घर पर करीब 23 गोलियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही हैं और पुलिस घटनास्थल पर तैनात कर दी गई है। शर्मा ने कहा कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। एसपी ने कहा, “हम स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” राजू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दो हथियारबंद लोग मोटरसाइकिल पर आए और थोड़ी दूरी पर मोटरसाइकिल खड़ी करने के बाद वे उनके घर की तरफ आए और गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने कहा, “पहले मैंने सोचा कि पटाखे चल रहे हैं लेकिन फिर मेरी पत्नी ने देखा कि दो लोग घर पर गोली चला रहे हैं।”
राजू ने कहा कि उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। सूत्रों ने कहा कि राजू के घर के पास हाथ से लिखी एक पर्ची मिली है। उन्होंने कहा कि पर्ची पर अंग्रेजी में एक समूह का नाम और पांच करोड़ रुपये लिखा है। यह पूछे जाने पर कि क्या पहले भी किसी ने उनसे फिरौती मांगी थी तो राजू ने कहा कि उनकी न तो किसी से दुश्मनी है और न ही किसी ने उनसे फिरौती मांगी। घटनास्थल पर पर्ची मिलने के बारे में पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह जांच का विषय है।
Similar Post
-
मछुआरों की सुरक्षा और समुद्री हादसों से निपटने के लिए एसओपी बनाई जाएगी: केरल के मंत्री गफूर
कोच्चि, शनिवार, 08 अगस्त 2026। केरल के मत्स्य पालन मंत्री वी. ई. अ ...
-
दिल्ली: तय अवधि से अधिक रहने पर सात अफ्रीकी नागरिकों को हिरासत में लिया गया
नई दिल्ली, शनिवार, 08 अगस्त 2026। दिल्ली पुलिस ने देश में तय अवधि ...
-
डोनाल्ड ट्रंप के दामाद माइकल बोलोस निजी यात्रा पर कोच्चि पहुंचे
कोच्चि, शनिवार, 08 अगस्त 2026। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रं ...
