पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी, हिसार में तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा
चंडीगढ़, गुरुवार, 15 जनवरी 2026। पंजाब और हरियाणा के कुछ स्थानों पर बृहस्पतिवार को पारा गिरकर हिमांक बिंदु के स्तर तक पहुंच गया जिससे दोनों राज्यों में ठंड का प्रकोप जारी रहा। मौसम विभाग कार्यालय के अनुसार बृहस्पतिवार को हिसार दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में बुधवार को भी न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग का अनुमान है कि हरियाणा के इस शहर में पारा अभी और गिर सकता है, जहां पिछले कुछ वर्षों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा चुका है। यहां 17 जनवरी 2023 को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और एक जनवरी 2021 को शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। हरियाणा और पड़ोसी राज्य पंजाब के कई हिस्सों में सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता का स्तर काफी कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस और नूंह में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में पांच डिग्री, करनाल में 4.8 डिग्री, फरीदाबाद में 4.1 डिग्री और रोहतक में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर में यह 5.3 डिग्री, लुधियाना में 5.2 डिग्री, पटियाला में 5.1 डिग्री, होशियारपुर में 4.4 डिग्री और फरीदकोट में 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दर्ज किए गए तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहे। हरियाणा और पंजाब की साझा राजधानी चंडीगढ़ में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Similar Post
-
सिर्फ शराब की गंध आने से नशे में गाड़ी चलाने का आरोप साबित नहीं होता : अदालत
नैनीताल, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने कहा ...
-
दिल्ली पुलिस के 'ऑपरेशन शस्त्र' के तहत रोहिणी में 46 गिरफ्तार, 19 देसी कट्टे बरामद
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। दिल्ली में रोहिणी जिला पुलिस ...
-
दिल्ली की अदालत ने पीएफआई अध्यक्ष अबूबकर की जमानत याचिका खारिज की
नई दिल्ली, गुरुवार, 16 जुलाई 2026। दिल्ली की एक अदालत ने पॉपुलर फ ...
