वायनाड में भूस्खलन पीड़ितों के लिए चार महीने में भूमि अधिग्रहीत की गई : कांग्रेस
वायनाड, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को दावा किया कि कांग्रेस ने मुंडाक्कई-चूरलमाला भूस्खलन के पीड़ितों के लिए मकान बनाने हेतु भूमि अधिग्रहण करने में केवल चार महीने का समय लिया जबकि राज्य सरकार ने इसी काम के लिए एक साल का समय लिया। सतीशन ने कहा कि शुरू में भूमि अधिग्रहण करने की कांग्रेस पार्टी की कोई योजना नहीं थी, क्योंकि 100 मकान बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध कराई जानी थी। कांग्रेस नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''हालांकि, राज्य सरकार ने अंतिम समय में सूचित किया कि वह ऐसा करने को लेकर अनिच्छुक है और इसलिए हमें स्वयं ही भूमि का अधिग्रहण करना पड़ा।''
जुलाई 2024 में वायनाड के मुंडाक्कई-चूरलमाला क्षेत्र में हुई भूस्खलन की घटना में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों घर नष्ट हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लगभग 3.5 एकड़ जमीन का अधिग्रहण कर लिया है और पास में ही जमीन के एक और टुकड़े के पंजीकरण को पूरा करने की प्रक्रिया में है। सतीशन ने सवाल किया, '' एक बार यह कार्य पूरा हो जाने पर, हम शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। हमें भूमि अधिग्रहण में केवल चार महीने लगे, जबकि सरकार को अपनी सारी औपचारिकताओं के साथ इस प्रक्रिया में एक साल का समय लग गया। तो हमारी तरफ से देरी कहां हुई? ''
सतीशन ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार ने वायनाड में घर बनाने के लिए केरल सरकार को धनराशि उपलब्ध कराई थी। उन्होंने कहा कि केरल में विपक्षी गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के एक प्रमुख घटक इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने पहले ही 52 घरों का निर्माण पूरा कर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को मुंडाक्कई-चूरलमाला आपदा पीड़ितों की मदद के लिए 1,642 करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन वह न तो उन्हें चिकित्सा उपचार के लिए धन उपलब्ध करा रही है और न ही उस क्षेत्र तक सड़क या पुल का निर्माण कर रही है।
Similar Post
-
पशुपालन मंत्री ने सुमेरपुर में पीएमश्री विद्यालय के विद्यार्थियों को किया सम्मानित
जयपुर, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। पाली जिले के पीएमश्री राजकीय उच् ...
-
लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष एवं स्वस्थ संवाद जरूरी : सचिन पायलट
जयपुर, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सच ...
-
वायनाड में भूस्खलन पीड़ितों के लिए चार महीने में भूमि अधिग्रहीत की गई : कांग्रेस
वायनाड, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। केरल विधानसभा में विपक्ष के नेत ...
