एसटीएफ ने कोडीन कफ सिरप मामले में सपा की युवा शाखा के पूर्व राज्य सचिव को गिरफ्तार किया
वाराणसी (उप्र), रविवार, 15 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की लखनऊ इकाई ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और तस्करी के सिलसिले में वाराणसी से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान वाराणसी के मैदागिन निवासी अमित यादव के रूप में हुई जिसे शनिवार को हरहुआ रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में कफ सिरप तस्करी के आरोपों में मामला दर्ज था और वह फरार था।
उन्होंने कहा, ''पूछताछ में यादव ने बताया कि वह हरिश्चंद्र पोस्टग्रेजुएट कॉलेज का छात्रसंघ अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी की युवा सभा का राज्य सचिव रह चुका है।'' अधिकारियों ने कहा, ''यादव ने कबूल किया कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी मुलाकात शुभम जायसवाल से हुई थी। शुभम के पिता भोला प्रसाद की कंपनी शैली ट्रेडर्स कथित तौर पर एबॉट की 'फेंसेडिल' कफ सिरप की तस्करी में संलिप्त थी।''
बताया जाता है कि कोडीनयुक्त कफ सिरप का नशे के रूप में इस्तेमाल होता है और पश्चिम बंगाल व बांग्लादेश में इसकी काफी मांग रहती है। अधिकारियों के मुताबिक लाभ के लालच में अमित ने शुभम के कहने पर अपनी कंपनी 'जीएल सर्जिकल' के जरिए एक लाख से अधिक बोतलें खरीदीं और उन्हें अन्य कंपनी के नाम पर फर्जी बिक्री दिखाकर ऊंचे दामों में बेच दिया। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ पहले से दंगा, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस राज्यभर में कोडीनयुक्त कफ सिरप के भंडारण और वितरण से जुड़े कथित अवैध नेटवर्क की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साल दिसंबर में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के नकली दवाओं और कोडीन सिरप से कथित मौतों के आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि सरकार के संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि इस प्रकरण में आरोपियों के सपा से संबंधों के प्रमाण मिले हैं और सदन में तस्वीरें दिखाकर दावा किया था कि एक आरोपी अमित यादव को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ देखा गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले के कथित सरगना शुभम जायसवाल के भी सपा से संबंध थे और वह अमित का कारोबारी साझेदार था।
Similar Post
-
केदारनाथ के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को खुलेंगे
रुद्रप्रयाग, रविवार, 15 फरवरी 2026। उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हि ...
-
एसटीएफ ने कोडीन कफ सिरप मामले में सपा की युवा शाखा के पूर्व राज्य सचिव को गिरफ्तार किया
वाराणसी (उप्र), रविवार, 15 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस के विशे ...
-
मथुरा में बनेगा देश का पहला राष्ट्रीय गो-संस्कृति संग्रहालय
मथुरा (उप्र), रविवार, 15 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विका ...
