शांति वार्ता के बीच रूस ने कीव पर दागे 29 मिसाइलें, 400 ड्रोन
कीव, बुधवार, 18 फरवरी 2026। स्विटजरलैंड की राजधानी जिनेवा में नये सिरे से शुरू हुई शांति वार्ता के पहले ही दिन रूस ने ताकत का प्रदर्शन करते हुए यूक्रेन के 12 क्षेत्रों में 29 मिसाइलें और लगभग 400 ड्रोन दागे, जिससे कई नागरिक घायल हुए और ऊर्जा एवं नागरिक अवसंरचना को भारी नुकसान पहुंचा। यूक्रेन ने इसे ऊर्जा तथा नागरिक ढांचे पर किया गया समन्वित हमला बताया है, जिससे कूटनीतिक प्रयासों की नाजुक स्थिति उजागर होती है। बातचीत के पहले दिन के बाद, रूसी मीडिया ने मंगलवार को एक अनजान सूत्र के हवाले से बताया कि बातचीत 'तनावपूर्ण' थी और छह घंटे तक चली। बातचीत बुधवार को आखिरी दिन तक जारी रहेगी।
यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार रुस्तेम उमेरोव ने कहा कि बातचीत 'व्यावहारिक मुद्दों और संभावित समाधानों की कार्यप्रणाली' पर केंद्रित रही। उन्होंने वार्ता से पहले किसी बड़े घटनाक्रम की उम्मीदों को कमतर बताते हुए कहा था कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल जिनेवा वार्ता में 'अत्यधिक अपेक्षाओं के बिना' पहुंचा है। रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सलाहकार व्लादिमीर मेडिन्स्की कर रहे हैं। रूसी मीडिया के मुताबिक पहले दिन की बातचीत छह घंटे चली और माहौल 'तनावपूर्ण' रहा। वार्ता का अंतिम सत्र बुधवार को होना है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने हमलों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह मॉस्को की 'वास्तविक मंशा' को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि रूस के नवीनतम हमलों में बच्चों सहित नौ लोग घायल हुए हैं। श्री ज़ेलेंस्की के अनुसार यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने रूस द्वारा दागी गयी 29 में से 25 मिसाइलों को मार गिराया। ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर साझा वीडियो संदेश में कहा, “ जिस दिन जिनेवा में त्रिपक्षीय और द्विपक्षीय नये प्रारूप शुरू हुए, उसी दिन रूस ने हमले किये। लगभग 400 ड्रोन भी छोड़े गये। यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि रूस वास्तव में क्या चाहता है।
उन्होंने कहा कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ चर्चा में इन हमलों का मुद्दा जरूर उठाएगा। उन्होंने कहा, 'यूक्रेन युद्ध नहीं चाहता। हम अपने राज्य और स्वतंत्रता की रक्षा करते हैं और हम न्यायपूर्ण समझौते की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। इस बीच ज़ेलेंस्की ने बताया कि ओडेसा में हमलों के बाद हजारों लोग पानी और हीटिंग से वंचित हो गये हैं तथा करीब 10 आवासीय इमारतों और रेलवे अवसंरचनाओं को नुकसान पहुंचा है। कुल मिलाकर 12 क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। जिनेवा वार्ता अमेरिका के नेतृत्व में चल रहे व्यापक कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य फरवरी 2022 से जारी संघर्ष का समाधान निकालना है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोनों पक्षों पर युद्ध समाप्त करने के लिए समझौते का दबाव बना रहे हैं, जबकि श्री ज़ेलेंस्की का कहना है कि कीव पर असमान रूप से रियायतें देने का दबाव डाला जा रहा है।
Similar Post
-
शांति वार्ता के बीच रूस ने कीव पर दागे 29 मिसाइलें, 400 ड्रोन
कीव, बुधवार, 18 फरवरी 2026। स्विटजरलैंड की राजधानी जिनेवा में न ...
-
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का ढाका के अस्पताल में निधन
ढाका, मंगलवार, 30 दिसंबर 2025। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्र ...
-
इंडोनेशिया में सड़क हादसे में 15 की मौत, 19 घायल
जकार्ता, सोमवार, 22 दिसंबर 2025। इंडोनेशिया के मध्य जावा प्रांत ...
