राहुल गांधी और 25 कांग्रेस सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाला व्यक्ति हिरासत में

img

जयपुर, गुरुवार, 19 फरवरी 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दल के 25 अन्य सांसदों को गोली मारने की धमकी देने वाला वीडियो जारी करने वाले एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को राजस्थान के कोटा में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि आरोपी को बोरखेड़ा थाने में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, "अभी तक किसी भी संगठन से उनके संबंधों की कोई पुष्टि नहीं हुई है। उद्योग नगर पुलिस थाने में उनके खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। संबंधित धाराओं के तहत उचित कानूनी कार्यवाही शुरू की जाएगी।"

खुद को दक्षिणपंथी समूह करणी सेना का प्रवक्ता राज सिंह बताने वाले व्यक्ति ने कथित वीडियो में कहा कि भाजपा और करणी सेना के सभी कार्यकर्ता इस बात से नाराज हैं कि हाल ही में संपन्न हुए संसद के बजट सत्र के पहले चरण में लोकसभा में 25 कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपशब्द कहे। वीडियो में उसने कहा, "अगर ऐसा दोबारा हुआ तो हम उन सांसदों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ करेंगे। मुझे लगता है कि यह सब राहुल गांधी के इशारे पर हुआ। राहुल गांधी ध्यान से सुन लें, अगर ऐसा दोबारा हुआ तो हम आपके घर में घुसकर आपको गोली मार देंगे।"

वीडियो में उसने आगे कहा, "अगर उन सांसदों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाता है तो ठीक है, अन्यथा हम उन्हें एक-एक करके गोली मार देंगे।" वीडियो में वह सोफे पर बैठा दिखाई दे रहा है और पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के हाथ मिलाने की एक तस्वीर लगी हुई है। सोशल मीडिया पर वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद कोटा पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। भाजपा और करणी सेना दोनों ने सिंह के साथ किसी भी प्रकार के संबंध होने से इनकार किया।

भाजपा कोटा शहर अध्यक्ष राकेश जैन ने स्पष्ट किया कि आरोपी व्यक्ति भाजपा का कार्यकर्ता नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति भाजपा से जुड़ा नहीं है। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है जो राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह की भाषा और आचरण हमारी विचारधारा और नैतिक मूल्यों के विपरीत है।" श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने भी कहा कि वीडियो जारी करने वाले व्यक्ति का करणी सेना से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा, "करणी सेना ने कभी ऐसा बयान नहीं दिया जिसमें किसी की जान लेने की धमकी दी गई हो। हम विरोध करने, काले झंडे दिखाने, सड़कों पर उतरने की बात करते हैं, लेकिन किसी को मारने की नहीं। यह हमारी विचारधारा नहीं है।" मकराना ने आगे कहा, "हमारे लिए नरेन्द्र मोदी उतने ही सम्माननीय हैं जितने राहुल गांधी। हमारे वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हम इस तरह की धमकियां नहीं देते। सार्वजनिक रूप से किसी की जान लेने की धमकी देने वाला व्यक्ति करणी सेना का सदस्य नहीं है।"
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement