मुंबई में विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली
मुंबई, गुरुवार, 12 मार्च 2026। महाराष्ट्र में बजट सत्र के दौरान बृहस्पतिवार को विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने परिसर में व्यापक जांच शुरू की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और शुरुआती जांच में बम की धमकी अफवाह पाई गई। विधानसभा और विधान परिषद का भवन दक्षिण मुंबई के नरीमन पॉइंट में स्थित है। बजट सत्र 23 फरवरी को शुरू हुआ था और 25 मार्च को समाप्त होगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र नागपुर में आयोजित किया जाता है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि परिसर को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दक्षिण मुंबई स्थित विधानसभा परिसर से कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। परिसर में और उसके आस पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई।मुंबई पुलिस के बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाले दस्ते (बीडीडीएस) सहित सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की जांच की। अधिकारी ने बताया कि गहन तलाशी के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और बीडीडीएस ने बाद में परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि धमकी भरा ईमेल भेजने वाले का पता लगाने और उसकी पहचान करने के लिए जांच जारी है।
Similar Post
-
भाजपा सिर्फ जनता को असुविधा पहुंचाने का काम करती है: कांग्रेस सांसद
मुंबई, बुधवार, 22 अप्रैल 2026। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने ...
-
पश्चिम बंगाल चुनाव: न्यायाधिकरण की मंजूरी प्राप्त मतदाताओं की सूची प्रकाशित
कोलकाता, बुधवार, 22 अप्रैल 2026। निर्वाचन आयोग ने उन मतदाताओं क ...
-
हरियाणा सरकार कृषि पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा देगी
चंडीगढ़, बुधवार, 22 अप्रैल 2026। हरियाणा सरकार युवाओं के लिए रो ...
