मुख्य सचिव ने किया मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का दौरा
- चंबल सफारी में वन्य जीवन और जैव विविधता देख हुए अभिभूत
जयपुर, रविवार, 22 मार्च 2026। राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने रविवार को कोटा के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया। प्रातः 7 बजे किशोरपुरा जेट्टी से चंबल नदी में बोट के माध्यम से भ्रमण प्रारंभ कर उन्होंने गरड़िया महादेव तक जाकर मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिज़र्व के प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवन का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव ने मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की समृद्ध जैव विविधता, विशेष रूप से विभिन्न पक्षी प्रजातियों (एविफौना) को देखा। इनमें इंडियन वल्चर, ईजिप्शियन वल्चर, इंडियन ईगल आउल, ब्राउन फिश आउल सहित अनेक शिकारी पक्षी (रैप्टर्स) शामिल थे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने चंबल नदी में मगरमच्छों को भी देखा। जिला कलक्टर पीयूष समारिया भी साथ रहे।
मुख्य सचिव ने वन्य जीव पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जंगल सफारी एवं बोट सफारी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को प्राकृतिक धरोहर से जोड़ना आवश्यक है। इससे न केवल आमजन की वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। मुख्य सचिव ने मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की अद्वितीय जैव विविधता एवं संरक्षण प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज “विश्व जल दिवस” के अवसर पर चंबल नदी के मध्य उपस्थित होकर जल संरक्षण का संदेश देना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो पूरे राजस्थान के लिए प्रेरणादायक है।
भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव ने रिजर्व में संचालित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्य वन संरक्षक (एफ डी) एवं उप वन संरक्षक (डीडी) ने उन्हें अंतर्राज्यीय बाघ स्थानांतरण कार्यक्रम (इण्टर स्टेट टाइगर ट्रांसलोकेशन), शिकार आधार वृद्धि (प्रे बेस ऑगमेंटेशन), आवास सुधार (हैबिटैट इम्प्रूवमेंट), घासभूमि विकास ( ग्रासलैंड डेवलपमेंट) तथा ग्रीष्म काल के दौरान वन्यजीवों को पानी की निर्बाध उपलब्धता हेतु सौर ऊर्जा के माध्यम से चंबल नदी से जल अपलिफ्ट जैसी महत्वपूर्ण वन्यजीव संरक्षण पहलों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। मुख्य सचिव ने फील्ड स्टाफ द्वारा एम-स्ट्राइप्स ऐप के उपयोग से की जा रही गश्त तथा फुट एवं बोट पेट्रोलिंग के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Similar Post
-
ग्रेटर नोएडा में वाणिज्यिक इमारत की नौवीं मंजिल पर लगी आग
नोएडा, गुरुवार, 25 जून 2026। ग्रेटर नोएडा में बृहस्पतिवार को एक ...
-
केंद्र सरकार ने इबोला संक्रमण पर निगरानी मजबूत करने के लिए पोर्टल शुरू किया
नई दिल्ली, गुरुवार, 25 जून 2026। नागर विमानन मंत्रालय और दिल्ली ...
-
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: न्यायालय ने याचिकाकर्ता से जांच वाली याचिका का उल्लेख 29 जून को करने को कहा
नई दिल्ली, गुरुवार, 25 जून 2026। उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार ...
