युवा कांग्रेस के प्रमुख ने चुनाव, वादों, सुरक्षा को लेकर भाजपा की निंदा की

img

जम्मू, गुरुवार, 16 अप्रैल 2026। कांग्रेस की युवा शाखा भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने बुधवार को भाजपा पर वोट चोरी, संस्थानों के दुरुपयोग और वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। चिब ने यहां कहा, ''सबसे बड़ा उदाहरण वोट की चोरी ही है। हमारे देश के निर्वाचन आयुक्त उनके इशारे पर काम करते हैं तथा ईडी और सीआईडी ​​जैसी एजेंसियों को औजार बना दिया गया है।'' विपक्षी एकता पर चिब ने कहा कि 2024 के चुनाव ने दिखाया कि एकजुट होकर लड़ने से भाजपा को चुनौती दी जा सकती है। उन्होंने कहा, ''400 पार का दावा करने वाली भाजपा 240 के आसपास ही पहुंच सकी। अगर हमें 15 सीट और मिलतीं तो देश को राष्ट्रहित में काम करने वाला एक बेहतर प्रधानमंत्री मिलता।''

उन्होंने दावा किया कि भाजपा की राजनीतिक जमीन दिन-ब-दिन सिकुड़ती जा रही है और उसे सत्ता में लौटने के लिए बैसाखियों की जरूरत है। भविष्य के बारे में विश्वास व्यक्त करते हुए, चिब ने कहा, ''चाहे वे (भाजपा के नेता) कितनी भी बैसाखियों का उपयोग करें, 2029 में लहर इतनी मजबूत होगी कि कोई भी सहारा उन्हें बचा नहीं पाएगा।'' युवा कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर अंकुश है। उन्होंने कहा, ''कई सोशल मीडिया इंफ्लूंएसर को निशाना बनाया जा रहा है... लोगों को दबाया जा रहा है - उनके पेज बंद किए जा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि उनका संगठन ऐसी कार्रवाइयों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा, ''मुख्यधारा का मीडिया काफी हद तक उनके प्रभाव में है, लेकिन सोशल मीडिया नहीं है...।''

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को राहुल गांधी पर भरोसा है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा पर चिब ने कहा कि भाजपा को जमीनी हकीकत पर सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा, ''कश्मीरी पंडितों ने लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि कश्मीर उनके लिए असुरक्षित है।'' जब उनसे पूछा गया कि क्या लोकतंत्र खतरे में है, क्योंकि कांग्रेस अक्सर मुद्दे उठाती रहती है, तब चिब ने आरोप लगाया कि आलोचकों को चुप कराने की कोशिश की जा रही है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement