तमिलनाडु चुनावः मतों की गिनती चार मई को 62 मतगणना केंद्रों पर की जाएगी

img

चेन्नई, मंगलवार, 28 अप्रैल 2026। तमिलनाडु की मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक ने मंगलवार को कहा कि गत 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती चार मई को राज्य भर के 62 मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। यहां जारी एक विज्ञप्ति में सुश्री पटनायक ने कहा कि मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलट) की गिनती शुरू की जाएगी। इसके 30 मिनट बाद यानी सुबह 8.30 बजे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती शुरू होगी। ईवीएम वोटों की गिनती के दौर में अंतिम दौर की शुरुआत तभी होगी जब सभी डाक मतपत्रों की गिनती पूरी हो जाएगी। प्रत्येक मतगणना केंद्र में एक अनुभाग डाक मतपत्रों के लिए और दूसरा ईवीएम वोटों के लिए समर्पित होगा, जहाँ निर्धारित मेजों पर मतगणना की जाएगी। डाक मतपत्रों की गिनती प्रत्येक 500 डाक मतपत्रों के लिए एक मेज के अनुपात में की जाएगी। प्रत्येक अनुभाग की निगरानी के लिए अलग सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ स्तर) नियुक्त किए जाएंगे।

पुलिस कर्मियों, जोनल/सेक्टर अधिकारियों और निगरानी टीम के सदस्यों सहित कुल 3.36 लाख चुनाव अधिकारियों ने डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान किया, जबकि 1.10 लाख अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी प्रमाण पत्र (ईडीसी) का उपयोग करके सीधे मतदान केंद्रों पर मतदान किया। फॉर्म 12डी आवेदनों के आधार पर, कुल 1.73 लाख मतदाताओं (जिनमें 85 वर्ष से अधिक आयु के लोग और दिव्यांग व्यक्ति शामिल हैं) ने डाक मतपत्र प्राप्त किए और वोट डाले।

सुश्री अर्चना ने बताया कि 18,000 सेवा मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उनके डाक मतपत्र मतगणना के दिन (4 मई, 2026) सुबह 8.00 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 5.73 करोड़ मतदाताओं में से रिकॉर्ड 88.15 प्रतिशत मतदाताओं ने 443 महिलाओं सहित 4,023 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला करने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement