विक्रमशिला सेतु का क्षतिग्रस्त हिस्सा तीन महीने में होगा तैयार
पटना/भागलपुर, सोमवार, 04 मई 2026। बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत तीन महीने में पूरी कर ली जाएगी। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी। सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सेतु का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गंगा नदी में गिर गया जिसके कारण फिलहाल पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुल के किसी खंभे को नुकसान नहीं हुआ है और मरम्मत कार्य तेज गति से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग डिवीजन के एक कार्यपालक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, यातायात के सुचारु संचालन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है।
सिंह के अनुसार, पश्चिम दिशा से आने वाले वाहनों को मुंगेर होते हुए श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते भेजा जा रहा है, जबकि पूर्व दिशा से आने वाले वाहनों को खगड़िया के रास्ते मोड़ा गया है। इसके अलावा, छोटे वाहनों को गंगा नदी पार कराने हेतु स्टीमर सेवा भी शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मामले में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बातचीत की और मरम्मत कार्य में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की सहायता ली जा रही है। घटना के कारणों की जांच के लिए आईआईटी पटना और पथ निर्माण विभाग के विशेषज्ञों की एक टीम को स्थल पर भेजा गया है। सिंह ने कहा कि विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे चार लेन वाले नए पुल के इस वर्ष के अंत तक तैयार होने की संभावना है, जिससे भविष्य में यातायात का दबाव कम होगा। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि पुल की स्थिति को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी, लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हाल के वर्षों में बिहार में कई पुल-पुलियों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं और यह घटना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। वहीं, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राज्य के पथ निर्माण विभाग और सेतु निर्माण से जुड़ी एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए 'एक्स' पर आरोप लगाया कि लंबे समय से रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही थी। उल्लेखनीय है कि करीब 4.7 किलोमीटर लंबा विक्रमशिला सेतु भागलपुर और नवगछिया को जोड़ता है। रविवार देर रात करीब 12:50 बजे पिलर संख्या 133 के पास दो स्लैब के बीच गैप बनने के बाद एक बड़ा स्लैब गंगा नदी में गिर गया। भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
Similar Post
-
न्यायालय अगस्ता वेस्टलैंड मामले में बिचौलिए जेम्स की याचिका पर सुनवाई को सहमत
नई दिल्ली, सोमवार, 04 मई 2026। उच्चतम न्यायालय ने 3,600 करोड़ रुपये ...
-
बिहार : अनियंत्रित कंटेनर की टक्कर से पांच की मौत
सासाराम, सोमवार, 04 मई 2026। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र ...
-
विक्रमशिला सेतु का क्षतिग्रस्त हिस्सा तीन महीने में होगा तैयार
पटना/भागलपुर, सोमवार, 04 मई 2026। बिहार के भागलपुर जिले में गंगा ...
