मप्र:रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने से मुंबई-दिल्ली रेल यातायात प्रभावित
रतलाम (मध्यप्रदेश), रविवार, 17 मई 2026। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में रविवार तड़के एक राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने से मुंबई-दिल्ली मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया, जिससे कई ट्रेन प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मरम्मत का काम जारी है और कुछ घंटे में यातायात बहाल होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे के कोटा मंडल के तहत आने वाले विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरीछा स्टेशनों के बीच दिल्ली जा रही तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर आग लग गई। घटनास्थल पर मौजूद कोटा के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक लकिट कुमार धुरिंदर ने फोन पर 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि इस घटना के कारण आठ से 10 यात्री ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई।
उन्होंने कहा, ''मरम्मत का काम (ओवरहेड उपकरणों पर) युद्ध स्तर पर चल रहा है। तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में आग लग गई और 'लगेज-कम-गार्ड वैन' में फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि 68 यात्रियों को ले जा रहे कोच को 15 मिनट के भीतर खाली करा लिया गया और इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। बाद में सुरक्षा उपाय के रूप में ओवरहेड बिजली की आपूर्ति बंद करने के बाद प्रभावित कोच को रेक से अलग कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Similar Post
-
उप्र विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक कमाल अख्तर ने दिया इस्तीफा
लखनऊ, मंगलवार, 30 जून 2026। उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी ...
-
कर्नाटक: सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मामूली आग लगी, कोई हताहत नहीं
दावणगेरे (कर्नाटक), मंगलवार, 30 जून 2026। दावणगेरे के चिगतेरी जि ...
-
त्रुटियों से भरी पाठ्यपुस्तक के कारण बच्चों का भविष्य दांव पर: नवीन पटनायक
भुवनेश्वर, मंगलवार, 30 जून 2026। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष न ...
