प्रधान न्यायाधीश ने सेवानिवृत्त हो रहे न्यायमूर्ति माहेश्वरी, न्यायमूर्ति मित्तल की सराहना की
नई दिल्ली, शुक्रवार, 29 मई 2026। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त हो रहे न्यायाधीशों- न्यायमूर्ति जे. के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति पंकज मित्तल की विनम्रता और न्यायिक विवेक की शुक्रवार को सराहना की। दोनों न्यायाधीश शीर्ष अदालत में आंशिक अदालती कार्य दिवसों की अवधि (एक जून से 12 जुलाई) के दौरान सेवानिवृत्त होंगे। न्यायमूर्ति माहेश्वरी 28 जून और न्यायमूर्ति मित्तल 16 जून को सेवानिवृत्त होंगे। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने न्यायमूर्ति माहेश्वरी और न्यायमूर्ति मित्तल को विदाई देने वाली औपचारिक पीठ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘न्यायमूर्ति माहेश्वरी ने हमेशा विनम्रता से कार्य किया है। मैं गरिमा, ईमानदारी, संयम और विश्वास के साथ वर्षों तक समर्पित सेवा देने के लिए मित्तल भाई को धन्यवाद देता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘न्यायमूर्ति मित्तल का योगदान केवल फैसले सुनाने तक सीमित नहीं रहा। उनकी विनम्रता और सद्भावना ने कई लोगों के जीवन को प्रभावित किया। वह पीठ में उल्लेखनीय न्यायिक विवेक लेकर आए। सामान्य दिखने वाले मामलों पर भी उन्होंने सावधानी और गंभीरता से विचार किया।”
अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी, वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी, ‘सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन’ (एससीएओआरए) के अध्यक्ष देवव्रत और अन्य ने भी समारोह में अपनी बात रखी। न्यायमूर्ति माहेश्वरी का जन्म 29 जून 1961 को मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हुआ था। उन्हें 25 नवंबर 2005 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। वह 25 नवंबर 2008 को वहां स्थायी न्यायाधीश नियुक्त हुए। न्यायमूर्ति माहेश्वरी का तबादला आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया गया और उन्होंने सात अक्टूबर, 2019 को पदभार ग्रहण किया।
बाद में, उनका तबादला सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया गया और उन्होंने छह जनवरी, 2021 को यह पदभार संभाला। उन्होंने 31 अगस्त, 2021 को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। न्यायमूर्ति मित्तल का जन्म 17 जून, 1961 को मेरठ में हुआ था। उन्हें सात जुलाई, 2006 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया था। न्यायमूर्ति मित्तल को चार जनवरी, 2021 को जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया। उनका 14 अक्टूबर, 2022 को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में तबादला किया गया। न्यायमूर्ति मित्तल को छह फरवरी, 2023 को उच्चतम न्यायालय में पदोन्नत किया गया।
Similar Post
-
अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंड़ाफोड़, 2.3 करोड़ रु का 765.6 किग्रा़ गांजा बरामद
नई दिल्ली, सोमवार, 13 जुलाई 2026। दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यी ...
-
उप्र : प्रतापगढ़ में 12.18 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में 17 लोग गिरफ्तार
प्रतापगढ़, सोमवार, 13 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिल ...
-
शिवराज सिंह चौहान ने 1,400 से ज्यादा पौधे लगाने के लिए पांच साल के बच्चे को सम्मानित किया
चंडीगढ़, सोमवार, 13 जुलाई 2026। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण म ...
