हरियाणा के मंत्री ने सीवर लाइन कार्यों में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया
चंडीगढ़, बुधवार, 29 जुलाई 2026। हरियाणा के मंत्री रणबीर गंगवा ने सीवर लाइन से जुड़े कार्यों के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघनों को गंभीरता से लेते हुए राज्य में सीवर और मैनहोल की सफाई के लिए सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया है। बुधवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जाये।
मंत्री ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि अनिवार्य सुरक्षा उपायों को लागू करने में लापरवाही के कारण किसी कर्मचारी की जान जाती है, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गंगवा ने यह भी निर्देश दिया कि हरियाणा में सात निगरानी समितियों का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि ये समितियां नियमित रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण करेंगी और सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की जांच करेंगी। बयान में कहा गया है कि समितियां निरीक्षण रिपोर्ट सीधे विभागीय मुख्यालय को सौंपेंगी, जिन्हें बिना किसी देरी के मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा।
गंगवा ने कहा कि विभागीय निगरानी और जवाबदेही को मजबूत करने की तत्काल आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की चूक न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जायेगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जब तक सभी निर्धारित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न करा दिए जाएं और सभी अनिवार्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन न हो, तब तक किसी भी कर्मचारी को सीवर या मैनहोल में घुसने की अनुमति न दी जाए। गंगवा ने उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि वे अपनी मासिक समीक्षा बैठकों के दौरान सीवर और मैनहोल से जुड़े कार्यों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन की नियमित रूप से समीक्षा करें।
Similar Post
-
शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा की चौखट पर सिर झुकाकर लोकतांत्रिक संस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
आय से अधिक संपत्ति मामला: उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंचे राहुल गांधी
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ...
-
मुंबई में भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या आठ हुई, बचाव अभियान बंद किया गया
मुंबई, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खल ...
