मुरादाबाद के बुद्ध बाजार स्थित मोमबत्ती फैक्ट्री में लगी भीषण आग
मुरादाबाद, शनिवार, 01 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद शहर के व्यस्ततम बुद्ध बाजार क्षेत्र में स्थित एक मोमबत्ती फैक्ट्री, गोदाम और आवासीय परिसर में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। दमकल कर्मियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र के बुद्ध बाजार स्थित एक ही परिसर में बने मकान, गोदाम और मोमबत्ती फैक्ट्री में रात करीब 12:45 बजे आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग की कई टीमों ने फोम और वाटर टेंडरों की सहायता से चारों ओर से घेराबंदी कर आग बुझाने का अभियान चलाया। घंटों के प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से आसपास के कुछ मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है, लेकिन पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तैनात है तथा स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
Similar Post
-
कुलगाम आतंकी हमला सुरक्षा में चूक का नतीजा : महबूबा का दावा
श्रीनगर, शनिवार, 01 अगस्त 2026। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीड ...
-
कांवड़ यात्रा: डीआईजी ने किया नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण, अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश
मेरठ (उप्र), शनिवार, 01 अगस्त 2026। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्ष ...
-
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने लक्ष्मी योजना का ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया
नई दिल्ली, शनिवार, 01 अगस्त 2026। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गु ...
