दिल्ली: तय अवधि से अधिक रहने पर सात अफ्रीकी नागरिकों को हिरासत में लिया गया

img

नई दिल्ली, शनिवार, 08 अगस्त 2026। दिल्ली पुलिस ने देश में तय अवधि से अधिक समय से रह रहे विदेशियों की पहचान के लिए खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान सात अफ्रीकी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनमें पांच नाइजीरियाई और दो घाना के नागरिक हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पांडव नगर थाने की टीमों ने गोपनीय तरीके से पूछताछ की, स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद उन सात विदेशी नागरिकों का पता लगाया गया, जिनके आव्रजन दर्जे का सत्यापन जरूरी था। पुलिस के अनुसार, चार अगस्त को हिरासत में लिए गए चार व्यक्ति नाइजीरिया के रहने वाले हैं। उनकी पहचान ओसिता न्केमेन (54), न्गोता सिंथिया (38), जेम्स (25) और लिवी ओतुघाना (27) के रूप में हुई है।

सत्यापन के दौरान पता चला कि सिंथिया 2021 में बेंगलुरु में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़े आपराधिक मामले में पहले भी शामिल रही है। इस मामले में अदालत की कार्यवाही लंबित है। पुलिस ने बताया कि एक अन्य टीम ने पटपड़गंज के समसपुर इलाके में छापेमारी कर केलेची कॉर्नेलियस (32), ओकेचुकु सोलोमन (36) और चुकवुडी एलिसन (43) को हिरासत में लिया। कॉर्नेलियस और सोलोमन के नाम उन विदेशी नागरिकों की सूची में शामिल थे, जो वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी देश में रह रहे थे।

उसने बताया कि जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी सात नागरिकों को दिल्ली के क्षेत्रीय विदेशी पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के सामने पेश किया गया। एफआरआरओ ने आव्रजन और विदेशी अधिनियम, 2025 के संबंधित प्रावधानों के तहत इन सभी के खिलाफ प्रतिबंध के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत आगे की कार्रवाई तक उनकी आवाजाही नरेला के लामपुर स्थित सेवा सदन तक सीमित कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि एफआरआरओ के साथ मिलकर सातों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement