हैदराबाद में ‘इंडिया’ के घटक दलों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग को लेकर रैली निकाली

img

हैदराबाद, गुरुवार, 08 अक्टूबर 2026। तेलंगाना में कांग्रेस के नेताओं, मंत्रियों और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के सदस्यों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को यहां रैली निकाली। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित यह रैली यहां ‘नेकलेस रोड’ स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा से लोक भवन तक निकाली गई। रैली में तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर, डी. श्रीधर बाबू और जुपल्ली कृष्ण राव तथा कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ ने हिस्सा लिया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (यूनाइटेड) (एमसीपीआई-यू), तेलंगाना जन समिति और अन्य दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी रैली में भाग लिया।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पार्टियों के झंडे लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य के खिलाफ नारे लगाए। गौड़ ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह निर्वाचन आयोग का इस्तेमाल करके चुनाव जीतने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मंत्री प्रभाकर ने भी कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग को पारदर्शी तरीके से काम करना चाहिए। बाद में पुलिस गौड़ और अन्य लोगों को एक वाहन में बैठाकर लोक भवन से ले गई।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement