अरुणाचल प्रदेश दौरे के अंतिम दिन सहकारिता सम्मेलन में शामिल होंगे शाह, एनडीआरएफ परिसर का उद्घाटन करेंगे

img

ईटानगर, रविवार, 22 नवम्बर 2026। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन रविवार को प्रदेश में एक सहकारिता सम्मेलन में शामिल होंगे और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक परिसर का उद्घाटन करेंगे। शाह सहकारिता मंत्री भी हैं। वह यहां दोरजी खांडू राज्य सम्मेलन केंद्र में आयोजित सहकारिता सम्मेलन में शामिल होंगे। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘गृह मंत्री आज सुबह सम्मेलन में शामिल होंगे, अरुणाचल प्रदेश सहकारिता दृष्टिपत्र-2047 का अनावरण करेंगे, सहकारिता पुरस्कार प्रदान करेंगे और सरस मेले का उद्घाटन करेंगे।’’

दोपहर में वह यहां के पास होलोंगी जाएंगे, जहां एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात यहां पहुंचे शाह शाम को नयी दिल्ली लौटने वाले हैं। शाह ने शनिवार को यहां के पास बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) राष्ट्रीय महत्व की है और अरुणाचल प्रदेश के विकास तथा रणनीतिक हितों के लिए बेहद अहम है।

उन्होंने सियांग घाटी के लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं का समाधान बातचीत के जरिए किया जाएगा। शाह का यह आश्वासन ऐसे समय आया है, जब प्रस्तावित विशाल बांध का स्थानीय आदि समुदाय के कुछ वर्गों, विशेष रूप से सियांग और अपर सियांग जिलों के निवासियों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। इन लोगों ने बांध के संभावित प्रभावों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे उनकी पैतृक जमीनों, गांवों, आजीविका, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान पर असर पड़ सकता है।

उन्होंने शनिवार को यहां लोक भवन में एक बैठक की अध्यक्षता भी की, जिसमें राज्य में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के 100 प्रतिशत टीकाकरण और सभी प्रसव अस्पतालों एवं किसी स्वास्थ्य केंद्र में सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी गांवों के पूर्ण डिजिटलीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। एक बयान के अनुसार, शाह ने अरुणाचल प्रदेश सरकार को कम विकसित क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने, पर्यटन को बढ़ावा देने और अंडे, मांस, मछली तथा डेयरी उत्पादों के उत्पादन में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों की संख्या मौजूदा 9.18 लाख से बढ़ाकर 15 लाख की जानी चाहिए। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण होमस्टे (घरों में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था) विकसित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए। बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए शाह ने कहा कि राज्य के बजट का एक बड़ा हिस्सा सड़कों और पुलों के निर्माण पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए कम सड़क घनत्व वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देने की बात कही। केंद्रीय मंत्री ने मिशन कृषि वीर और मिशन अरुण हिमवीर के लिए नए दृष्टिकोण के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन मिशनों के तहत सबसे पहले सुरक्षा बलों की जरूरतों का आकलन किया जाना चाहिए और स्थानीय गांवों के लोगों को आवश्यक वस्तुओं का उत्पादन कर उनकी आपूर्ति करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

मिशन अरुण हिमवीर का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और किसानों को सशक्त बनाना है, जबकि मिशन कृषि वीर किसानों को सहायता देने के लिए शुरू की गई समुदाय-केंद्रित पहल है। शाह ने कीवी, संतरा और बड़ी इलायची के अलावा बागवानी की दो अन्य फसलों की पहचान करने का सुझाव दिया, जिनके विकास पर विशेष ध्यान दिया जा सके। इन तीनों फसलों को राज्य में पहले से ही बढ़ावा दिया जा रहा है। ज्ञान भारतम मिशन का उल्लेख करते हुए शाह ने पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के विशेषज्ञों को इसमें शामिल करने और राज्य में महत्वपूर्ण पांडुलिपियों तथा ऐतिहासिक दस्तावेजों की व्यापक स्तर पर खोज करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement