विकिरण के खतरे को लेकर वल्लारपदम कंटेनर टर्मिनल के चालकों ने विरोध प्रदर्शन वापस लिया
कोच्चि, रविवार, 22 नवम्बर 2026। कोच्चि स्थित डीपी वर्ल्ड द्वारा संचालित वल्लारपदम कंटेनर टर्मिनल पर कार्यरत चालकों ने पिछले 13 दिनों से जारी अपना असहयोग विरोध प्रदर्शन शनिवार को वापस ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ये चालक 'कंटेनर स्कैनिंग' के दौरान विकिरण से संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की चिंताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
एर्णाकुलम जिला प्रशासन के एक बयान के अनुसार, यह निर्णय एक बैठक में लिया गया जिसमें एर्णाकुलम के सांसद हिबी ईडन, विधायक मोहम्मद शियास, टी जे विनोद और टोनी चामनी, जिलाधिकारी जी प्रियंका तथा पुलिस, सीमा शुल्क, डीपी वर्ल्ड और ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बयान में कहा गया है कि इस बात पर सहमति बनी कि श्रमिकों की शिकायतें सुनी जाएंगी और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए व्यवस्था की जाएगी। श्रमिक सोमवार से काम पर लौटने के लिए सहमत हो गए हैं।
यह विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार के एक निर्देश के बाद सीमा शुल्क विभाग द्वारा टर्मिनल पर सभी कंटेनरों को स्कैन करने का निर्णय लिए जाने के बाद शुरू हुआ था। चालकों ने चिंता जताई थी कि स्कैनिंग से निकलने वाले विकिरण से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। बयान में कहा गया है कि हालांकि पहले भी इसी तरह की शिकायतें उठाई गई थीं, लेकिन जिला चिकित्सा अधिकारी और एक अधिवक्ता आयुक्त की जांच में चिंता का कोई कारण नहीं पाया गया था। हालांकि, कंटेनर को स्कैन करने की दर पहले 20 से 80 प्रतिशत के बीच थी, जिसे बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक कर दिया गया और इसी वजह से चालकों की चिंताएं फिर से बढ़ गईं।
बयान के मुताबिक, बैठक में इस बात की जांच करने का निर्णय लिया गया कि क्या इस तरह के स्वास्थ्य जोखिम मौजूद हैं। साथ ही, इनसे निपटने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा। फैसलों के तहत, सोमवार को स्कैनिंग प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसे आम जनता और केंद्र में आने वाले आगंतुक भी देख सकेंगे। बयान में कहा गया है कि इस प्रदर्शन का उद्देश्य यह दिखाना है कि कंटेनरों की जांच ट्रक चालक के केबिन को स्कैनिंग उपकरण से 50 सेंटीमीटर दूर करने के बाद ही की जाएगी और इस प्रक्रिया के दौरान केबिन के भीतर किसी तरह की रेडियोधर्मी गतिविधि नहीं होगी।
Similar Post
-
राष्ट्रपति मुर्मू ने राजस्थान में सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया
नई दिल्ली, रविवार, 22 नवम्बर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ...
-
अरुणाचल प्रदेश दौरे के अंतिम दिन सहकारिता सम्मेलन में शामिल होंगे शाह, एनडीआरएफ परिसर का उद्घाटन करेंगे
ईटानगर, रविवार, 22 नवम्बर 2026। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अर ...
-
विकिरण के खतरे को लेकर वल्लारपदम कंटेनर टर्मिनल के चालकों ने विरोध प्रदर्शन वापस लिया
कोच्चि, रविवार, 22 नवम्बर 2026। कोच्चि स्थित डीपी वर्ल्ड द्वारा ...
