कांग्रेस सांसद विजय वसंत का आरोप, भाजपा सरकार के ‘इशारे’ पर काम कर रहा निर्वाचन आयोग
चेन्नई, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने बृहस्पतिवार को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग की आलोचना की और आरोप लगाया कि वह केंद्र की भाजपा नीत सरकार के ‘इशारे’ पर काम कर रहा है। वसंत ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाताओं के नामों में कथित हेरफेर को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की पार्टी की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग केंद्र सरकार की ओर से काम कर रहा है और यह ‘‘अलोकतांत्रिक’’ है। कन्याकुमारी से लोकसभा सदस्य विजय वसंत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर काम कर रहा है और उसने अपने लोकतांत्रिक दायित्व से समझौता किया है। भाजपा सरकार लोगों की आवाज सुनती हुई नहीं दिख रही है।’’
सांसद ने कहा कि सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन में शामिल होने से राज्य में गठबंधन मजबूत हुआ है। वह एसआईआर के मुद्दे पर ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ की निंदा करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को शहर में थे। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) के अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर कर रहे थे। यहां बड़ी संख्या में जुटे इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों के झंडे प्रदर्शित किए और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए।
Similar Post
-
16 अक्टूबर को कॉजपा के ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नई दिल्ली, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ...
-
पंजाब पुलिस ने अवैध हथियार आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़ किया, तीन लोग गिरफ्तार
चंडीगढ़, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। पंजाब में अवैध हथियारों की आप ...
-
नीट-पीजी: प्रश्न उजागर करने संबंधी याचिका पर न्यायालय का केंद्र को नोटिस
नई दिल्ली, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पति ...
