16 अक्टूबर को कॉजपा के ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नई दिल्ली, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के शुक्रवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और अर्धसैनिक बलों की कई कंपनियां पहले से ही राष्ट्रीय राजधानी में तैनात हैं। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' के तहत विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
एक सूत्र ने कहा कि पुलिस रणनीतिक स्थानों पर कर्मियों को तैनात करेगी, बैरिकेड लगाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रदर्शनकारियों व यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित करेगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कनॉट प्लेस प्रदर्शन के लिए कोई निर्धारित विरोध स्थल नहीं है। अधिकारी ने कहा, 'जंतर मंतर को एक निर्धारित प्रदर्शन स्थल के तौर पर बाहर कर दिया गया है। प्रदर्शनकारी अपेक्षित अनुमति प्राप्त करने के बाद रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान या सीबीडी मैदान में प्रदर्शन कर सकते हैं।'
प्रस्तावित प्रदर्शन की घोषणा कॉजपा नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पहुंचने के बाद गिरफ्तार किए जाने और एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद की गई थी। एक बयान में, दीपके ने नागरिकों से प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया और कहा कि राष्ट्रीय ध्वज लहराना एक लोकतांत्रिक अधिकार है। संगठन ने शुक्रवार शाम पांच बजे अन्य शहरों में भी समानांतर तिरंगा मार्च का आह्वान किया है।
Similar Post
-
16 अक्टूबर को कॉजपा के ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नई दिल्ली, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ...
-
पंजाब पुलिस ने अवैध हथियार आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़ किया, तीन लोग गिरफ्तार
चंडीगढ़, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। पंजाब में अवैध हथियारों की आप ...
-
नीट-पीजी: प्रश्न उजागर करने संबंधी याचिका पर न्यायालय का केंद्र को नोटिस
नई दिल्ली, बुधवार, 15 अक्टूबर 2026। उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पति ...
