युवाओं को तंबाकू सेवन के खिलाफ देशव्यापी अभियान का नेतृत्व करना चाहिए : केंद्रीय मंत्री जाधव
नई दिल्ली, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बुधवार को युवाओं में तंबाकू सेवन की शुरुआत को रोकने, तंबाकू छोड़ने के लिए प्रोत्साहित करने, तंबाकू नियंत्रण कानूनों के कड़ाई से पालन को मजबूती प्रदान करने और तंबाकू मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के चौथे संस्करण की शुरुआत की। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 60 दिवसीय ‘तंबाकू मुक्त युवा’ अभियान की शुरुआत की गई। बयान के अनुसार, 2023 से जारी इस अभियान के पिछले तीन संस्करणों के दौरान पांच लाख 80 हजार से अधिक शैक्षणिक संस्थानों और 73 हजार से अधिक गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया। इस साल के अभियान में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत तंबाकू मुक्त परिसर बनाने और युवाओं के नेतृत्व में जागरूकता संबंधी पहल पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
जाधव ने कहा, ‘‘स्वस्थ, मजबूत और विकसित भारत के निर्माण के लिए अपने युवाओं को तंबाकू और नशे की लत से बचाना आवश्यक है।’’ उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, परिवारों, समुदायों और सरकारी एजेंसियों से युवाओं को नशीले पदार्थों की लत से बचाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया। मंत्री ने तंबाकू सेवन के हानिकारक प्रभावों को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे शरीर के विभिन्न अंगों को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों पर परोक्ष धूम्रपान के हानिकारक प्रभावों के प्रति भी आगाह किया।
जाधव ने कहा कि किशोरावस्था में निकोटीन के संपर्क में आने से मस्तिष्क का विकास, ध्यान केंद्रित करने की क्षमता के प्रभावित होने व स्मरण शक्ति पर प्रतिकूल असर हो सकता है। उन्होंने कम उम्र में ही तंबाकू सेवन को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया। जाधव ने कहा कि इस अभियान को सरकारी कार्यक्रम से आगे बढ़कर युवाओं के नेतृत्व वाले जन आंदोलन का रूप लेना चाहिए। मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान को छह सूत्री रणनीति के तहत लागू किया जाएगा। इसमें जन जागरूकता, तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान, तंबाकू मुक्त गांव, तंबाकू नियंत्रण कानूनों का प्रवर्तन, सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता और विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों की भागीदारी शामिल है।
Similar Post
-
प.बंगाल विधानसभा में भाजपा की हासिरानी रथ और सखारोव सरकार ने विधायक पद की शपथ ली
कोलकाता, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और ...
-
महंगाई भत्ता मामला: अदालत ने पंजाब के मुख्य सचिव पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया
चंडीगढ़, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायाल ...
-
तमिलनाडु: कैदियों के जेल से फरार होने की कोशिशों को रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की मंजूरी
चेन्नई, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के थेनी जिले में कैदि ...
