थरूर ने इजराइल-फलस्तीन मुद्दे पर राहुल के रुख का समर्थन किया
तिरूवनंतपुरम, सोमवार, 23 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इजराइल-फलस्तीन संघर्ष पर सोमवार को पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी की टिप्पणियों का समर्थन करते हुए कहा कि उनका रुख बिल्कुल सही था और यह इस मुद्दे पर भारत के लंबे समय से बने हुए रुख को दर्शाता है। थरूर ने कहा कि भारत लगातार आतंकवाद की निंदा करता रहा है, जिसमें हमास द्वारा सात अक्टूबर को इजराइली नागरिकों पर किया गया हमला और गाजा में इजराइल की सैन्य कार्रवाई शामिल है। इजराइली सैन्य कार्रवाई में हजारों लोग मारे गए और कई मकान नष्ट हो गए तथा निवासियों की आजीविका छीन गई।
कांग्रेस सांसद ने ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ बातचीत में कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि किसी भी संघर्ष में महिलाओं, बच्चों और निर्दोष नागरिकों को कष्ट सहना पड़े। इसलिए हम दोनों पक्षों के अधिकारों के लिए खड़े हैं।’’ पूर्व विदेश राज्य मंत्री थरूर ने कहा कि भारत चाहता है कि फलस्तीनी सुरक्षा, गरिमा और समृद्धि के साथ रहें, जबकि इजराइल के पास आतंकवादी हमलों से मुक्त सुरक्षित और रक्षा योग्य सीमाएं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। राहुल गांधी ने जो कहा वह बिलकुल सही है।’’ उनकी ये टिप्पणियां शिकागो विश्वविद्यालय में राहुल गांधी की हालिया टिप्पणियों को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच आई हैं, जहां उन्होंने इजराइल के साथ मजबूत संबंधों का समर्थन करते हुए गाजा की स्थिति के खिलाफ भारत से आवाज उठाने का आह्वान किया था।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राहुल की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन पर फलस्तीन मुद्दे पर पाखंड का आरोप लगाया था। विजयन ने आरोप लगाया कि इजराइल के साथ मजबूत संबंध स्थापित करने और उससे हथियार खरीदने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का समर्थन फलस्तीन पर कांग्रेस पार्टी के रुख को कमजोर करता है। कांग्रेस और राज्य की यूडीएफ सरकार में आंतरिक मतभेदों से संबंधित सवालों पर, थरूर ने अपने सहयोगियों से राजनीतिक विवादों के बजाय शासन और विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
Similar Post
-
थरूर ने इजराइल-फलस्तीन मुद्दे पर राहुल के रुख का समर्थन किया
तिरूवनंतपुरम, सोमवार, 23 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद शशि थरूर न ...
-
विदेश यात्राओं पर लगे आरोपों को पटनायक ने बताया ‘झूठा’, उचित जवाब देने की बात कही
भुवनेश्वर, सोमवार, 23 नवम्बर 2026। ओडिशा सरकार द्वारा 2022 से 2024 के ...
-
कश्मीर के कई इलाकों में बढ़ी ठंड, शोपियां में पारा शून्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस नीचे
श्रीनगर, सोमवार, 23 नवम्बर 2026। कश्मीर के कई इलाकों में रविवार ...
