बीएसएफ के पंजाब मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट मामले में सुरागों के आधार पर हो रही है जांच: पुलिस
चंडीगढ़, बुधवार, 06 मई 2026। पंजाब के जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट में विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया गया था और पुलिस घटना से संबंधित सुरागों पर सक्रिय रूप से काम कर रही है। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। जालंधर की पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा कि पुलिस की जांच में कुछ प्रगति हुई है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने विस्फोट स्थल का निरीक्षण किया और यहां बीएसएफ के महानिरीक्षक के साथ बैठक भी की।
मंगलवार रात को सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास हुए दो सिलसिलेवार विस्फोटों ने पंजाब को दहला दिया, जिससे दहशत फैल गई। विपक्षी दलों ने इसकी निंदा करते हुए इसे राज्य को 'अस्थिर' करने का प्रयास बताया। पहला विस्फोट जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर रात करीब आठ बजे हुआ, जबकि दूसरा धमाका अमृतसर में रात करीब 11 बजे हुआ। दोनों घटनाओं की जांच चल रही है। कौर ने संवाददाताओं से कहा, ''हमारी फोरेंसिक टीम ने यहां से विस्फोटक के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला में भेजा गया है। हमारा मानना है कि विस्फोट इन्हीं विस्फोटकों से किया गया।''
उन्होंने यह भी बताया कि तकनीकी जांच और कैमरा फुटेज देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ''हमारे पास तीन-चार सुराग हैं जिन पर हम फिलहाल काम कर रहे हैं।'' पुलिस आयुक्त ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है। मंगलवार को रात करीब आठ बजे बीएसएफ चौक के पास विस्फोट हुआ। सीसीटीवी फुटेज में यह घटना रिकार्ड हो गयी। फुटेज में विस्फोट के बाद धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। एक अज्ञात व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए घटनास्थल से भागता नजर आ रहा है।
विस्फोट से एक स्कूटर पूरी तरह नष्ट गया, ट्रैफिक सिग्नल का एक खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और पास की एक दुकान के शीशे टूट गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीएसएफ मुख्यालय के बाहर खड़ी स्कूटर में एक जोरदार धमाके के तुरंत बाद आग लग गई। यह स्कूटर गुरप्रीत सिंह की थी, जो इलाके में नियमित रूप से पार्सल पहुंचाते हैं। गुरप्रीत के एक रिश्तेदार ने मंगलवार रात पत्रकारों से कहा कि जैसे ही वह स्कूटर के पास पहुंचा, उसमें आग लग गई। उसने तुरंत अपने पिता को फोन किया और घटना की जानकारी दी। कौर ने कहा कि गुरप्रीत जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
Similar Post
-
नीट आंदोलन टिप्पणी मामले में दक्षिणपंथी टिप्पणीकार टी.जी. मोहनदास को जमानत मिली
तिरुवनंतपुरम, सोमवार, 10 अगस्त 2026। तिरुवनंतपुरम की एक अदालत न ...
-
पंजाब विधानसभा ने स्कूल फीस में पांच प्रतिशत तक बढ़ोतरी की सीमा तय करने वाला विधेयक पारित किया
चंडीगढ़, सोमवार, 10 अगस्त 2026। पंजाब विधानसभा ने निजी विद्यालय ...
-
नीट प्रश्नपत्र लीक: अदालत ने ‘लाई-डिटेक्टर टेस्ट’ कराने की तीन आरोपियों की याचिका खारिज की
नई दिल्ली, सोमवार, 10 अगस्त 2026। राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक ...
