सरकार गठन के लिए टीवीके को मिली समयसीमा खत्म होने के बाद विकल्पों पर विचार करेंगे : द्रमुक
चेन्नई, शुक्रवार, 08 मई 2026। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता टीकेएस एलंगोवन ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु में राज्यपाल की ओर से अभिनेता-नेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के लिए सरकार गठन के वास्ते निर्धारित समयसीमा के समाप्त होने के बाद ही पार्टी वैकल्पिक सियासी कदमों पर विचार करेगी। चेन्नई में संवाददाताओं से बातचीत में एलंगोवन ने कहा कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने टीवीके को यह साबित करने के लिए 10 मई तक की मोहलत दी है कि वह राज्य में सरकार बनाने में सक्षम है।
उन्होंने राज्य में मौजूदा राजनीतिक गतिरोध के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा, "हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा। राज्यपाल ने 10 मई तक का समय दिया है। उसके बाद ही हम किसी अन्य योजना के बारे में सोच सकते हैं।" द्रमुक के ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) को बाहर से समर्थन देने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर एलंगोवन ने कहा कि ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी वर्तमान में अन्य दलों की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर नजर रख रही है।
विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) जैसे सहयोगी दलों के रुख के बारे में पूछे जाने पर एलंगोवन ने कहा कि उन्हें इन दलों के अंतिम फैसले के बारे में कोई जानकारी नहीं है। द्रमुक नेता ने संकेत दिया कि ये पार्टियां अपना रुख खुद तय करेंगी। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीट पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। राज्य में पांच सीट जीतने वाली कांग्रेस ने भी टीवीके को समर्थन की घोषणा की है। हालांकि, टीवीके के पास सरकार गठन के लिए जरूरी पर्याप्त संख्या बल (118 सदस्यों का समर्थन) नहीं है। पार्टी ने वाम दलों और वीसीके से सरकार बनाने में सहयोग करने की अपील की है।
Similar Post
-
मराठा आरक्षण आंदोलन के लिए मुंबई मार्च जरूर होगा : जरांगे
जालना, गुरुवार, 10 सितंबर 2026। मराठा आरक्षण आंदोलन के कार्यकर् ...
-
मानवाधिकार आयोग ने गुरुवायूर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं पर रिपोर्ट मांगी
तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 10 सितंबर 2026। राष्ट्रीय मानवाधिकार आ ...
-
सीबीआई ने ठगी के मामले में फरार आरोपी को अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार किया
नई दिल्ली, गुरुवार, 10 सितंबर 2026। केंद्रीय अन्वेषण ब ...
