बारामती में प्रशिक्षण विमान अभ्यास के दौरान हवाईपट्टी से बाहर निकला, कोई हताहत नहीं

img

पुणे, रविवार, 09 अगस्त 2026। महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारामती हवाई पट्टी पर रविवार को प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान एक निजी विमानन अकादमी का विमान रनवे से बाहर निकल गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, अपराह्न करीब साढ़े 12 बजे हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस साल 28 जनवरी को महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों को ले जा रहा एक निजी विशेष विमान बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार को 'कार्वर एविएशन' का वीटी-एसईएक्स विमान प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान रनवे से बाहर निकल गया। विमान में एक पायलट और एक प्रशिक्षु सवार थे। उन्होंने बताया कि अभ्यास के दौरान रनवे पर चलते समय विमान को निर्धारित स्थान पर रोका नहीं जा सका और वह रनवे के अंतिम छोर से करीब 20 फुट आगे निकलकर घास वाले हिस्से में चला गया। 
विमान 'सर्किट एंड लैंडिंग इमरजेंसी' (प्रशिक्षण के दौरान हवाई अड्डे के आसपास निर्धारित स्थल पर चक्कर लगाकर उतरने और आपात स्थितियों से निपटने के) अभ्यास के लिए रनवे पर आया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान ने पहले रनवे संख्या 29 पर 'रिजेक्टेड टेक-ऑफ' (उड़ान भरने की प्रक्रिया शुरू करने के बाद उसे बीच में रोक देने) का अभ्यास किया। इसके बाद रनवे संख्या 11 पर भी 'रिजेक्टेड टेक-ऑफ' का अभ्यास किया गया। अधिकारी ने कहा, ''इस अभ्यास के दौरान विमान को रनवे पर पूरी तरह नहीं रोका जा सका और वह रनवे के अंतिम छोर से आगे निकल गया।'' उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इससे पहले 13 मई को एक अन्य निजी कंपनी के प्रशिक्षण विमान को तकनीकी खराबी के बाद बारामती हवाई पट्टी के पास आपात स्थिति में उतारना पड़ा था। उस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement