केरल सरकार में यूडीएफ के सभी दलों की है भागीदारी; मैं किसी भी गुट का हिस्सा नहीं: थरूर

img

तिरूवनंतपुरम, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मंगलवार को कहा कि यूडीएफ सरकार में सभी सहयोगी दलों का प्रतिनिधित्व है, और इसलिए कोई भी फैसला लेने से पहले उनके विचारों पर विमर्श करने की एक व्यवस्था मौजूद है। थरूर ने यह भी कहा कि उन्होंने केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के नये अध्यक्ष के चयन का मुद्दा पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने पहले ही उठा दिया है और उन्हें उम्मीद है कि इस पर जल्द ही कोई फैसला लिया जाएगा। कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि वह पार्टी के भीतर किसी गुट का हिस्सा नहीं हैं।

तिरूवनंतपुरम के सांसद ने कहा, ‘‘जब से मैं राजनीति में आया हूं, मेरा मानना ​​रहा है कि जब हम किसी पार्टी का हिस्सा होते हैं, तो उसमें कोई गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। मैं 'कांग्रेस आई' (कांग्रेस इंदिरा) या 'कांग्रेस ए' (कांग्रेस एंटनी) से नहीं हूं; मैं 'कांग्रेस यू' से हूं, जहां 'यू' का मतलब 'यूनाइटेड' (एकजुट) है।’’ केरल में कांग्रेस पारंपरिक रूप से दो प्रमुख गुटों में बंटी रही है, के. करुणाकरण के नेतृत्व वाला 'आई गुट' और ए. के. एंटनी के नेतृत्व वाला 'ए गुट'। एंटनी के राष्ट्रीय राजनीति में जाने के बाद, ओमन चांडी ने 'ए' गुट का नेतृत्व संभाला। 2005 में करुणाकरण के कांग्रेस छोड़ने के बाद, रमेश चेन्नीथला 'आई' गुट के एक प्रमुख नेता के रूप में उभरे।

कुछ समय से केरल में कांग्रेस के भीतर गुटबाजी काफी हद तक शांत रही है। हालांकि, हाल ही में हुए चुनावों के बाद, पार्टी के भीतर गुटीय राजनीति फिर से उभरती दिखाई दे रही है। थरूर की यह टिप्पणी पत्रकारों के उन सवालों के जवाब में आई, जिनमें गठबंधन सरकार के फैसलों पर सभी से चर्चा न किए जाने, पार्टी के भीतर गुटबाजी, और एक ऐसे केपीसीसी अध्यक्ष की जरूरत जैसे मुद्दों पर सवाल पूछे गए थे, जो प्रशासन का हिस्सा न हो। वर्तमान में, राज्य के बिजली मंत्री सन्नी जोसेफ केपीसीसी प्रमुख हैं।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement