शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं से जापान से वीडियो कॉल पर बात की, प्रदर्शन खत्म करने की अपील की
बेंगलुरु, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं से मंगलवार को अपना आंदोलन समाप्त करने की अपील की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करेगी। जापान दौरे पर गए मुख्यमंत्री ने ट्रेन में यात्रा के दौरान वीडियो कॉल के जरिए फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं के नेताओं से बात की। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार शिवकुमार ने जापान से ही कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, ‘‘मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता (आशा) के रूप में काम करने वाली महिलाओं को लेकर मुझे विशेष चिंता है। हम निश्चित रूप से आपकी समस्याओं का समाधान करेंगे। अपना प्रदर्शन समाप्त करें।’’ कार्यकर्ताओं ने 17 नवंबर को फ्रीडम पार्क में अनिश्चितकालीन दिन-रात का प्रदर्शन शुरू किया था। वे सरकार से अपना मासिक मानदेय 15,000 रुपये तय करने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। शिवकुमार ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा, ‘‘आपकी मांगों को पूरा किया जाएगा। मुझ पर भरोसा रखें।’’ उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपनी नाराजगी दूर करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘आपने मेरी अपील नहीं मानी और भूख हड़ताल जारी रखी है। इससे महिला आशा कार्यकर्ताओं को असुविधा हो रही है।’’
शिवकुमार ने 21 नवंबर को भी प्रदर्शन कर रहीं कार्यकर्ताओं से आंदोलन समाप्त करने की अपील की थी और उन्हें आश्वासन दिया था कि सरकार आगामी दिनों में उनकी मांगों का व्यापक और स्थायी समाधान निकालने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दिल्ली जाने की तैयारी कर रही हैं। विभिन्न विभागों से संबंधित उनकी कई मांगें हैं। विधानसभा सत्र के दौरान मैं वित्त विभाग के साथ आपकी मांगों पर चर्चा करूंगा। आपको प्रदर्शन वापस ले लेना चाहिए। हम आपकी मांगों पर ध्यान देंगे। आप कड़ी मेहनत कर रही हैं और आपको न्याय मिलेगा।’’ विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आशा कार्यकर्ताओं के प्रति चिंता जताने वाले नेताओं से उन्हें कोई मदद नहीं मिलेगी।
Similar Post
-
शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी आशा कार्यकर्ताओं से जापान से वीडियो कॉल पर बात की, प्रदर्शन खत्म करने की अपील की
बेंगलुरु, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. क ...
-
केरल सरकार में यूडीएफ के सभी दलों की है भागीदारी; मैं किसी भी गुट का हिस्सा नहीं: थरूर
तिरूवनंतपुरम, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ...
-
कॉजपा न तो आगामी उप्र विधानसभा चुनाव लड़ेगी, न किसी पार्टी को समर्थन देगी: दीपके
छत्रपति संभाजीनगर, मंगलवार, 24 नवम्बर 2026। कॉकरोच जनता पार्टी ...
